रेलवे ट्रैक पर मिले दो अज्ञात शव, एक की जेब से मिला नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र
पाता-अछल्दा स्टेशन के बीच अलग-अलग स्थानों पर मिले शव, दूसरे मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस
टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,
औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर पाता और अछल्दा रेलवे स्टेशन के बीच अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर किलोमीटर संख्या 1112/03 और 1112/10 के पास दोनों शव मिले। इनमें एक मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। उसकी जेब से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र बरामद हुआ है। इसके आधार पर उसकी पहचान से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
दूसरे मृतक की उम्र करीब 31 वर्ष बताई गई है। उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। दोनों मामलों में पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।