लंबित मांगों को लेकर रोजगार सेवकों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

अजीतमल में खंड विकास अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कार्य बहिष्कार के बाद विधानसभा घेराव की दी चेतावनी
टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,
औरैया। विकासखंड अजीतमल में अपनी लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शासन-प्रशासन स्तर पर लंबे समय से मांगों का समाधान नहीं होने से आक्रोशित रोजगार सेवकों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
रोजगार सेवकों का कहना है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों के समाधान की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बार-बार मांग उठाने और ज्ञापन देने के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से उनमें रोष है।![]()
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि रोजगार सेवकों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर उन्हें राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत पहले कार्य बहिष्कार किया जाएगा और इसके बाद बड़ी संख्या में रोजगार सेवक राजधानी पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।
रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शासन-प्रशासन से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन अब अपनी मांगों के समाधान के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है।
इस मौके पर सतीश बाबू, प्रमोद कुमार, शशिकांत, संगीता देवी, विजय प्रताप, राकेश कुमार, शैलेंद्र सिंह, संतोषी देवी, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल