पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों को जनगणना-2027 की स्व-गणना के लिए किया जागरूक

टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। पुलिस लाइन शाहजहांपुर में जनगणना-2027 के तहत संचालित स्व-गणना अभियान को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में स्टेट मास्टर ट्रेनर अनूप कुमार बरनवाल तथा जिला फील्ड ट्रेनर मुकेश कुमार और मृदुल श्रीवास्तव ने पुलिसकर्मियों को स्व-गणना के महत्व और इसकी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों के माध्यम से स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।![]()
अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन कर स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान गूगल मीट के माध्यम से जनपद के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को भी जोड़ा गया। उन्हें स्व-गणना की प्रक्रिया, पोर्टल के उपयोग और आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई, ताकि वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ आमजन को भी जागरूक कर सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में अधिकारियों ने अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने और अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
जनगणना में जनभागीदारी, विकसित भारत की जिम्मेदारी।