जेल में कैदी की मौत के बाद ढेकियाजुली थाने का घेराव, पुलिस उत्पीड़न का आरोप

असम के शोणितपुर में विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! प्रशांत वैश्य ब्यूरो ,
असम। शोणितपुर जिले के ढेकियाजुली पुलिस थाने में कैदी की मौत को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। तेजपुर केंद्रीय जेल में बंद युवक आजाहरुल की मौत के बाद विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने ढेकियाजुली थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में नेमसू, आमसू सहित कई संगठनों के लोग शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, उदालगुरी जिले के ओरांग थाना क्षेत्र के चुंगाबुद्धि इलाके के निवासी आजाहरुल को ढेकियाजुली पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में तेजपुर केंद्रीय जेल में उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने ढेकियाजुली पुलिस पर युवक के साथ शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि कथित पुलिस उत्पीड़न के कारण युवक की मौत हुई। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।![]()
प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ढेकियाजुली उप-जिला के पुलिस अधीक्षक भार्गव मुनि दास, राजस्व चक्र अधिकारी नयनज्योति पाठक, ठेलामरा थाना प्रभारी रामजी दले और बरछला पुलिस चौकी प्रभारी टाकर पेगू मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया।
प्रशांत वैश्य, असम।