बहन की शादी की खुशियां मातम में बदलीं, विदाई के दिन बड़े भाई की मौत

चार दिन से आगरा के निजी अस्पताल में चल रहा था उपचार, गमगीन माहौल में हुई बहन की विदाई
टेन न्यूज़ !! २२ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,
औरैया। जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मौहारी गांव में बहन की शादी के दिन बड़े भाई की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। भाई की मौत की खबर पहुंचते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई। भारी दुख के बीच परिजनों ने शादी की रस्में पूरी कर रात करीब नौ बजे बेटी को विदा किया।
जानकारी के अनुसार मौहारी गांव निवासी राजू नागर बीएसएफ में तैनात हैं। उनका बड़ा बेटा विक्रम नागर एक निजी स्कूल में शिक्षक था। करीब चार दिन पहले अचानक दिल का दौरा पड़ने से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसका उपचार चल रहा था।![]()
शुक्रवार को राजू नागर की बेटी की शादी गांव के ही एक गेस्ट हाउस में आयोजित थी। घर में रिश्तेदारों और बरातियों का जमावड़ा था और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान विक्रम की मौत की खबर पहुंची तो समारोह में खुशियों की जगह मातम छा गया।
एक ओर परिवार बड़े बेटे की मौत से टूट चुका था, वहीं दूसरी ओर बेटी की शादी की जिम्मेदारी भी सामने थी। परिजनों ने भारी मन से शादी की रस्में पूरी कीं और रात करीब नौ बजे बेटी को विदा किया। इस हृदयविदारक घटना से मौहारी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल