18 वर्ष की आयु पूरी होते ही मतदाता सूची में दर्ज कराएं नाम, लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील

कन्नौज में शिक्षा विभाग ने निकाली जागरूकता रैली, छात्र-छात्राओं ने घर-घर पहुंचाया मतदाता पंजीकरण का संदेश
टेन न्यूज़ !! २३ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत शिक्षा विभाग ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इसमें परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), छिबरामऊ के प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
नगर पालिका परिषद कन्नौज, छिबरामऊ, गुरसहायगंज और तिर्वा के सहयोग से आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
अमर जवान ज्योति से विनोद दीक्षित अस्पताल तक निकली रैली![]()
कन्नौज नगर में अमर जवान ज्योति से विनोद दीक्षित अस्पताल तक जागरूकता रैली निकाली गई। इसका नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं।
अभियान के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। आवेदक आवश्यक दस्तावेजों के साथ बीएलओ से संपर्क कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
परिवार और समाज को जागरूक करने की अपील
रैली में शामिल विद्यार्थियों और डायट प्रशिक्षुओं ने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के क्षेत्रों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों में निहित है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने भी विशेष अभियान में सक्रिय भागीदारी कर प्रत्येक पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य डॉ. अमित कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अजय कुमार सहित डायट प्रवक्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।