• Tue. Nov 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कलान में सिर कटी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
6 Views

कलान में सिर कटी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार


पुलिस के मुताबिक, राजपाल की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया था, सिर गंगा में फेंकने का आरोप; साजिश में परिवार के सात अन्य सदस्य भी नामजद


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़  शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश।

शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र में सूखे कुएं से सिर कटा शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। थाना कलान और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विनोद उर्फ बाबा, विकास और ओमपाल शामिल हैं। आरोप है कि तीनों ने राजपाल की गला काटकर हत्या की और शव को ग्राम सिउड़ी के पास स्थित एक सूखे कुएं में फेंक दिया था। मृतक का सिर अटैना घाट पर गंगा नदी में फेंकने की बात भी पुलिस ने बताई है।

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को ग्राम सिउड़ी निवासी राकेश और राजनेश ने सूचना दी थी कि फर्रुखाबाद जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ललौर में एक खेत के सूखे कुएं में सिर कटा शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पूजा और उसके परिजनों ने शव के पास मिले आधार कार्ड और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान विनोद कुमार पुत्र राजाराम के रूप में की थी। इसके बाद पूजा की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से सामने आया कि मृतक की पहचान राजपाल निवासी ग्राम ऐठापुर, थाना निगोही के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, विनोद उर्फ बाबा ने कथित तौर पर खुद को मुकदमों से बचाने और दूसरे लोगों को फंसाने के उद्देश्य से अपने परिजनों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोप है कि विनोद ने तंत्र-मंत्र के जरिए राजपाल को अपने प्रभाव में लिया और विकास तथा ओमपाल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 23 नवंबर की रात करीब 8:16 बजे अटैना से कलान जाने वाले मार्ग पर ग्राम नौसना मड़ैया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पुलिस ने एक गड़ासा, ईंट का आधा टुकड़ा, घड़ी, ब्लूटूथ, विकलांगता कार्ड, 3,002 रुपये नकद, 15 पीले रंग के सिक्के, माचिस की डिब्बी और घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई औरा कार बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती मुकदमे में नामजद व्यक्तियों के नाम हटाकर विवेचना में सामने आए दस लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें गिरफ्तार तीन आरोपियों के अलावा पूजा, सुमिरता, नंदकिशोर, कुंवरपाल, आलोक, आदित्य और मनोज के नाम शामिल हैं। मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद उर्फ बाबा (करीब 45 वर्ष), विकास (करीब 19 वर्ष) और ओमपाल (करीब 33 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना कलान के प्रभारी निरीक्षक शिवदीन वर्मा, सर्विलांस प्रभारी मोहनदेव शर्मा सहित थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।

नोट: हत्या और साजिश से जुड़े सभी विवरण पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित हैं। मामले में आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!