• Wed. Nov 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर, राजनीतिक दल बूथवार बीएलए नियुक्त करें

ByTen News One Desk

Nov 25, 2026
13 Views

पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर, राजनीतिक दल बूथवार बीएलए नियुक्त करें


28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान, 18-19 वर्ष के युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष ध्यान


टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, । विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पात्र महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और बीएलए नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6 भरवाने में सहयोग करें। बीएलए एक दिन में अधिकतम 10 और पूरी पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अधिकतम 30 फार्म संबंधित बीएलओ को सूची एवं आवश्यक घोषणा के साथ दे सकते हैं।

जिलाधिकारी ने मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने तथा 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और पात्र महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने को कहा। यदि किसी परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदेय स्थलों पर दर्ज हैं, तो फार्म-8 के माध्यम से एक ही मतदेय स्थल पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।

मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आलेख्य मतदाता सूची जनपद की वेबसाइट https://shahjahanpur.nic.in/deo-portal/ पर उपलब्ध है। फार्म-6 के साथ जन्म तिथि और पते के प्रमाण के लिए निर्धारित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

बैठक में बताया गया कि राजनीतिक दलों को आलेख्य मतदाता सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी और पूरक सूचियां उपलब्ध करा दी गई हैं। दावे और आपत्तियों से संबंधित प्रारूप-9, 10 और 11 प्रतिदिन डीईओ पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!