डीएम ने 31 लाभार्थियों को वितरित किए करीब एक करोड़ रुपये के ऋण चेक

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत शिविर आयोजित, एक लाभार्थी को सौंपी ट्रैक्टर की चाबी
टेन न्यूज़ !! २५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर, । बैंक ऑफ बड़ौदा की रोजा मंडी शाखा में बुधवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए 31 लाभार्थियों को करीब एक करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए। इस दौरान रामापुर बरकतपुर निवासी लाभार्थी नंदलाल को ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार की ऋण योजनाओं का लाभ लेकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को पहली बार पांच लाख रुपये तक का ऋण चार वर्ष के लिए बिना ब्याज उपलब्ध कराया जाता है। इसमें 10 प्रतिशत सब्सिडी का भी प्रावधान है। समय से ऋण चुकाने पर दूसरी बार 10 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त करने का अवसर मिलता है।![]()
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवा ब्यूटी पार्लर, रेस्टोरेंट, बेकरी और कृषि आधारित व्यवसाय सहित विभिन्न रोजगार स्थापित कर सकते हैं। इससे वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा रोजा मंडी के शाखा प्रबंधक विमल वर्मा ने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपना उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार देने वाला बनाना है। बैंक युवाओं को वित्तीय सहायता और आवश्यक बैंकिंग सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य प्रबंधक अरविंद प्रसाद गुप्ता, जीएमडीआईसी संजय कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक पवन कुमार, अतुल कुमार सक्सेना, दीपिका टंडन, सिद्धार्थ कुमार, ज्योति मिश्रा, ऋण अधिकारी सतीश कुमार सहित बैंक के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।