658 किलोमीटर की हिमालयी साइकिलिंग चुनौती में लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने मारी बाजी

19 वर्षीय खिलाड़ी ने 23 घंटे 31 मिनट में पूरी की दूरी, हरियाणा के शिवेन दूसरे और खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर रहे
टेन न्यूज़ !! २७ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो , उधमसिंहनगर
मसूरी, उत्तराखंड। हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों और कठिन रास्तों पर छह दिन तक चली अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन पर्वतीय साइकिलिंग चुनौती-2026 का समापन मसूरी में हुआ। प्रतियोगिता में लद्दाख के 19 वर्षीय त्सेवांग नोरबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने 658 किलोमीटर की दूरी 23 घंटे 31 मिनट 02 सेकंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। हरियाणा के शिवेन दूसरे और सेना की साहसिक टीम के खुशीमन घरती तीसरे स्थान पर रहे।
उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साथ थल सेना, वायु सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कुल 66 साइकिल चालकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की शुरुआत 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुई थी। साइकिल चालक पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी पहुंचे।
त्सेवांग नोरबू ने शुरुआती दोनों चरणों में जीत दर्ज कर बढ़त बनाई। तीसरे चरण में हरियाणा के शिवेन ने मामूली अंतर से उन्हें पीछे छोड़ दिया। वहीं खुशीमन घरती ने अंतिम तीन चरणों में लगातार जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का सबसे लंबा चरण बागेश्वर से तिलवाड़ा तक 145 किलोमीटर का रहा।![]()
मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर पहचान दिलाने के साथ शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा देंगे।
पर्यटन सचिव एवं पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि यह प्रतियोगिता कुमाऊं से गढ़वाल तक प्रदेश की एकता का संदेश देने के साथ कम चर्चित पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने में मददगार होगी। इससे मार्ग में पड़ने वाले गांवों में होम स्टे और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि पर्यटन परिषद की ओर से आगामी 4 से 6 दिसंबर तक हिमालयन कार रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा माणा दर्रे से 100 मील की हिमालयी सहनशक्ति दौड़ सहित कई अन्य साहसिक आयोजन भी प्रस्तावित हैं।
अंश कुमार गुप्ता, TEN NEWS