मेडिकल कॉलेज में भ्रष्टाचार और मरीजों से दुर्व्यवहार का आरोप, भाजपा जिला पंचायत सदस्य ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

बाहरी दवाएं लिखने और निजी अस्पतालों में भेजने की शिकायतों की जांच कराने की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
टेन न्यूज़ !!२८ नवम्बर २०२६ !! माया तिवारी ब्यूरो,
बांदा। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार, मरीजों के साथ दुर्व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं को लेकर भाजपा जिला पंचायत सदस्य धीरज राजपूत ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ डॉक्टर कमीशन के लिए मरीजों को बाहर की दवाएं लिखते हैं और उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भेजते हैं। धीरज राजपूत ने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की बायोमीट्रिक उपस्थिति तथा मरीजों के वार्ड में नियमित राउंड की जांच कराने की मांग की है।![]()
इसके साथ ही सरकारी डॉक्टरों द्वारा निजी अस्पताल संचालित किए जाने के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को बेहतर और उचित इलाज मिलना चाहिए तथा किसी भी तरह की अनियमितता पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
धीरज राजपूत ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान शंकर राजपूत, आशीष, सुनील सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
माया तिवारी, ब्यूरो चीफ बांदा।