• Sat. Nov 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

देर रात जिला अस्पताल पहुंचीं शालिनी सिंह पटेल, मरीजों ने ऑपरेशन के नाम पर वसूली की शिकायत की

ByTen News One Desk

Nov 28, 2026
3 Views

देर रात जिला अस्पताल पहुंचीं शालिनी सिंह पटेल, मरीजों ने ऑपरेशन के नाम पर वसूली की शिकायत की


निरीक्षण में बाहर से दवाएं और जांच कराने की बात आई सामने, महिला वार्ड के शौचालयों में भी मिली अव्यवस्थाएं


टेन न्यूज़ !! २८ नवम्बर २०२६ !! माया तिवारी ब्यूरो,

बांदा। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के दावों की हकीकत जानने के लिए जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय प्रवक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने देर रात जिला अस्पताल बांदा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, महिला वार्ड, बच्चा वार्ड और ट्रामा सेंटर सहित विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

निरीक्षण के दौरान कई मरीजों ने ऑपरेशन के नाम पर हजारों रुपये वसूले जाने की शिकायत की। मरीजों के अनुसार, किसी ने 10 हजार, किसी ने 11 हजार, किसी ने 15 हजार तो किसी ने 22 हजार रुपये दिए। एक दोनों आंखों से दृष्टिहीन व्यक्ति से भी ऑपरेशन के नाम पर 22 हजार रुपये लिए जाने की शिकायत सामने आई। मरीजों ने यह भी बताया कि उन्हें चार से पांच हजार रुपये तक की दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं और जांचें भी निजी केंद्रों पर करानी पड़ रही हैं।

महिला वार्ड के शौचालयों में गंदगी, दरवाजों पर कुंडी नहीं होने और पानी की उपलब्धता न होने जैसी समस्याएं भी निरीक्षण के दौरान सामने आईं।

अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि गरीब मरीज बेहतर और मुफ्त इलाज की उम्मीद में सरकारी अस्पताल आते हैं, लेकिन उन्हें ऑपरेशन, दवाइयों और जांचों के नाम पर आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला अस्पताल जिलाधिकारी कार्यालय और आवास से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद बदहाल व्यवस्थाओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल का निरीक्षण उनके साथ करने की चुनौती देते हुए कहा कि मरीजों से सीधे बातचीत करने पर उनकी वास्तविक समस्याएं सामने आएंगी। शालिनी पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं जनता का अधिकार हैं और गरीब मरीजों के इलाज में लापरवाही तथा सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्थाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!