थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायतें, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

छिबरामऊ में छह में से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण, सौरिख में मिलीं चार शिकायतें; बाइक रिपेयरिंग दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा दुकानदार
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह,
छिबरामऊ, कन्नौज। जनपद कन्नौज की तहसील छिबरामऊ में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कोतवाली छिबरामऊ और थाना सौरिख में आयोजित समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोतवाली छिबरामऊ में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निर्धारित समय सीमा में किया जाए।![]()
इस दौरान ग्राम अन्तपुर निवासी राघव पाठक अपनी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में हुई चोरी की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने चौकी कसवा प्रभारी के नाम प्रार्थना पत्र देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि छिबरामऊ में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को मौके पर जाकर जांच और स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।![]()
वहीं, थाना सौरिख में आयोजित समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा और थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र चौधरी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल चार शिकायतें प्राप्त हुईं। इनके त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण गंभीरता से किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समय पर कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।