• Sun. Nov 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

छिबरामऊ में मतदाता पुनरीक्षण शिविर और कॉलेज का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

ByTen News One Desk

Nov 29, 2026
4 Views

छिबरामऊ में मतदाता पुनरीक्षण शिविर और कॉलेज का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण


बीएलओ से मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन की प्रगति जानी, एनसीसी कैडेट्स की परेड देखी और विद्यार्थियों से किया संवाद


टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह,

छिबरामऊ, कन्नौज। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने छिबरामऊ स्थित हीरालाल बी.एन. इंटर कॉलेज में चल रहे विशेष पुनरीक्षण शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और एनसीसी प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र 196-छिबरामऊ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान के तहत कॉलेज में विशेष शिविर आयोजित किया गया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुनरीक्षण बूथों पर पहुंचकर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और कर्मचारियों से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन करने तथा युवा एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जाएं। कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने पर जोर दिया।

निर्वाचन शिविर का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कॉलेज परिसर में चल रहे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) प्रशिक्षण का जायजा लिया। अधिकारियों ने कैडेट्स की परेड देखी और एनसीसी प्रशिक्षक से प्रशिक्षण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, मेहनत और देशसेवा के प्रति उत्साह की सराहना की।

इसके बाद अधिकारियों ने विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण कार्य देखा। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए मेहनत और लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों के औचक निरीक्षण से निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों में सक्रियता देखने को मिली। वहीं जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स में भी उत्साह नजर आया।

टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ, कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!