नवागत एसपी ग्रामीण देवेंद्र सिंह ने किया तिलहर कोतवाली का औचक निरीक्षण

थाना परिसर और पुलिस व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। नवागत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देवेंद्र सिंह ने शनिवार रात करीब आठ बजे तिलहर कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।![]()
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली प्रभारी प्रभाष चंद्र सहित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर पुलिस से जुड़े कार्यों को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संपादित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसपी ग्रामीण ने जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और तत्परता से करने को कहा।