• Sun. Nov 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दिसंबर में हर विधानसभा के 15 मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण, डीएम ने दिए निर्देश

ByTen News One Desk

Nov 29, 2026
11 Views

दिसंबर में हर विधानसभा के 15 मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण, डीएम ने दिए निर्देश


डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के कार्य समयसीमा में पूरे कराने पर जोर, निर्माण की गुणवत्ता से समझौता न करने की चेतावनी


टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद की प्रत्येक विधानसभा में 15-15 मूर्ति स्थलों पर सुरक्षा, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य दिसंबर माह में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय सभागार में त्वरित आर्थिक विकास योजना और डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं। उन्होंने बताया कि योजना के लिए धनराशि जारी हो चुकी है और कार्यों के एस्टीमेट भी तैयार हैं। ऐसे में अधिकारी नियमित निगरानी कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।

डीएम ने कहा कि महापुरुषों, समाज सुधारकों और सांस्कृतिक विभूतियों की मूर्तियां हमारी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का प्रतीक हैं। इनके संरक्षण और सम्मान के लिए मूर्ति स्थलों पर सुरक्षात्मक छत्र, बाउंड्रीवाल, रेलिंग, गेट, चौकी पर टाइल्स, बैठने के लिए बेंच, माल्यार्पण के लिए सीढ़ियां और हरियाली विकसित कराई जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक मूर्ति स्थल पर संबंधित महापुरुष के नाम और संक्षिप्त जीवन परिचय वाले सूचना पट्ट निर्धारित मानकों के अनुसार लगाए जाएं। सूचना पट्ट आकर्षक और टिकाऊ होने चाहिए, ताकि आमजन को महापुरुषों के जीवन एवं योगदान की जानकारी मिल सके।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तकनीकी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि मजबूती, टिकाऊपन और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर विकास कार्य आगे बढ़ाने को कहा। सभी सचिवों को भी नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

बैठक में त्वरित आर्थिक विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र कन्नौज में 504.70 लाख रुपये की लागत से सात कार्य तथा छिबरामऊ और तिर्वा विधानसभा क्षेत्रों में 990.56 लाख रुपये की लागत से 15 कार्य स्वीकृत हैं। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे कराने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा दिनेश यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम उजागिर कन्नौजिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!