तिर्वा में मतदाता पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

कई मतदेय स्थलों पर पहुंचकर बीएलओ से जानी प्रगति, युवाओं और महिलाओं के नाम प्राथमिकता से जोड़ने के निर्देश
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
तिर्वा, कन्नौज। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को आयोजित विशेष अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विधानसभा क्षेत्र 197-तिर्वा के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसान इंटर कॉलेज, तिर्वा के मतदेय स्थल संख्या 471 से 475, दीनानाथ जनता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मतदेय स्थल संख्या 465 से 467 तथा डीएन कॉलेज, तिर्वा के मतदेय स्थल संख्या 479 से 483 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त आवेदन पत्रों, पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली।![]()
उन्होंने निर्देश दिए कि फॉर्म-6 में आवेदक की घोषणा के साथ हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए। प्रत्येक आवेदन की सावधानीपूर्वक जांच की जाए और कोई भी जरूरी औपचारिकता अधूरी न रहे। नगरीय और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों के मतदाता पंजीकरण की स्थिति भी स्पष्ट की जाए, ताकि नियमानुसार एक ही स्थान पर पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिला मतदाताओं, विवाह के बाद जनपद में आई महिलाओं तथा अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में प्राथमिकता से शामिल कराए जाएं। इसके लिए बीएलओ घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बीएलओ से निष्पक्षता, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी है। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटना नहीं चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।