पंचायत भवन में लगी चौपाल, ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
टेन न्यूज़ ii 15 मार्च 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
*औरैया।* विकास खंड अजीतमल के ग्राम पंचायत अनंतराम स्थित पंचायत भवन में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल पंचायत सचिव मंजू यादव एवं एडीओ कृषि रक्षा प्रदीप शाक्य की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
चौपाल के दौरान पंचायत सचिव मंजू यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संभावित लाभार्थियों की सूची पढ़कर सुनाई। उन्होंने ग्रामीणों से पात्र लोगों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा फॉर्म रजिस्ट्रेशन और एसआईआर की प्रक्रिया में सहयोग करने का अनुरोध किया, ताकि जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। राखी और पंकज ने आवास की मांग की, जबकि लल्ली देवी ने बताया कि उनके जॉब कार्ड में तकनीकी त्रुटि के कारण महिला के स्थान पर पुरुष का नाम दर्ज हो गया है, जिससे उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क और सरकारी योजनाओं के लाभ में आ रही दिक्कतों से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
पंचायत सचिव मंजू यादव ने सभी समस्याओं को सुनकर शिकायत रजिस्टर में दर्ज कराया और आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों तक समस्याएं पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
चौपाल में प्रधानपति रईसुद्दीन उर्फ भोले, रोजगार सेवक ऋषिकेश यादव, चौकी प्रभारी योगेन्द्र पुलिस स्टाफ के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला व पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।






