• Wed. Apr 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा: डंपर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा, मौके पर मौत

ByTen News One Desk

Mar 15, 2026
36 Views

फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा: डंपर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा, मौके पर मौत


टेन न्यूज़ ii 15 मार्च 2026 ii तौफीक फारुकी ब्यूरो,
फर्रुखाबाद। जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पार कर रहे बाइक सवार तीनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक डंपर में फंस गए और करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। इसके बाद डंपर अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराया और पास की दुकान में घुस गया। हादसे में एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि तीनों के शव सड़क से बुरी तरह चिपक गए थे।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को सड़क से खुरचकर थैलियों में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसा शनिवार रात करीब 12:30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान नयागांव निवासी पुष्पेंद्र (20), अर्पित (18) और निशु यादव (15) के रूप में हुई है। तीनों युवक आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 8 बजे तीनों युवक खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वे खेत नहीं पहुंचे। बाद में पता चला कि वे नवाबगंज क्षेत्र में स्थित अर्पित के मामा के घर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

परिजनों ने बताया कि अर्पित घर का इकलौता बेटा था और उसकी शादी आगामी 5 मई को जहानगंज थाना क्षेत्र की एक युवती से तय थी। शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। अर्पित की दो बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है। निशु और अर्पित चचेरे भाई थे, जबकि पुष्पेंद्र भी परिवार का करीबी रिश्तेदार था। हादसे के बाद अर्पित की मां ओमा देवी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नवाबगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!