• Sun. Apr 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 1778 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

ByTen News One Desk

Mar 15, 2026
33 Views

कन्नौज में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन, 1778 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार


टेन न्यूज़ ii 15 मार्च 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के शासनादेश के अनुपालन में रविवार को जनपद कन्नौज के समस्त 33 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा 3 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले के माध्यम से आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देशानुसार आरोग्य स्वास्थ्य मेले के नोडल अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार (उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी) सहित समस्त अपर एवं उप मुख्य चिकित्साधिकारियों ने विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुगरापुर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कीरतपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मेले में आए मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान की गई। इसके साथ ही बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं, हेपेटाइटिस ‘बी’ व ‘सी’ की जांच, टीबी संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग, नेत्र रोगियों का परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान कुल 1778 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जिनमें 826 पुरुष, 709 महिलाएं और 243 बच्चे शामिल रहे। इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 94 गोल्डन कार्ड बनाकर लाभार्थियों को वितरित किए गए। प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र पर चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे मरीजों को सुगमता से स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकीं।

जनपद में आयोजित इस स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की गई।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *