• Sat. Apr 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में श्रीमद भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा

ByTen News One Desk

Sep 10, 2025
82 Views

तिलहर में श्रीमद भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा



टेन न्यूज़ !! १० सितम्बर २०२५ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर


तिलहर। नगर के हरिओम आनंद आश्रम में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश यात्रा श्रीमद भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व निकाली गई, जिसका नेतृत्व कथा व्यास पंडित देव प्रकाश मिश्रा ने किया। परंपरानुसार पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं ने मंगलगीत गाते हुए कलश यात्रा प्रारंभ की।

कलश यात्रा हरिओम आनंद आश्रम मंदिर से निकलकर कच्चा कटरा, पक्का कटरा, मौजमपुर और अस्पताल रोड होते हुए पुनः आश्रम परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश धारण करने वाली महिलाओं का स्वागत किया। नगर की गलियां भक्ति और श्रद्धा से सराबोर दिखीं।

आयोजक रविंद्र गुप्ता ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक कथा व्यास पंडित देव प्रकाश मिश्रा द्वारा सुनाई जाएगी। कथा के दौरान भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म और भक्ति के महत्व से अवगत कराया जाएगा। आगामी 15 सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कलश यात्रा में नगर की महिलाओं के साथ-साथ युवा, बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान वातावरण हरे राम-हरे कृष्ण के भजनों से गूंज उठा। यात्रा के साथ-साथ विभिन्न मोहल्लों में श्रद्धालुओं ने अपने घरों के बाहर दीप जलाकर और पुष्पवर्षा कर भक्ति का परिचय दिया।

मंदिर के पुरोहित बाबा शंभुदेव आर्य ने कहा कि भागवत कथा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह धार्मिक आयोजनों से युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।

कलश यात्रा में दिनेश गुप्ता, करण गुप्ता, ऋषभ रस्तोगी, संजय देवल, सुशील, लालू गुप्ता, लखन, केशव, राहुल, दीपिका, सुनीता, शोभा, माला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!