मीरानपुर कटरा में भरत पटेल के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब, सपा प्रत्याशी ने मांगे वोट
टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर कस्बे में सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जोर-शोर से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के चेयरमैन पद के प्रत्याशी डॉ. भरत पटेल के समर्थन में शनिवार को नगर में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
डॉ. भरत पटेल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ नगर के विभिन्न वार्डों, गलियों और मोहल्लों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान वे घर-घर पहुंचे और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
समर्थकों ने डॉ. भरत पटेल को कर्मठ, जुझारू और संघर्षशील युवा नेता बताते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन सुकेश गुप्ता, नदीम अंसारी समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सपा के चुनाव चिन्ह “साइकिल” पर मुहर लगाकर डॉ. पटेल को जिताने की अपील की।
जनता को संबोधित करते हुए डॉ. भरत पटेल ने कहा कि नगर की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला तो नगर में साफ-सफाई, बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने एक-एक वोट का सही इस्तेमाल करते हुए “साइकिल” के निशान पर मतदान करें, ताकि मीरानपुर कटरा के समग्र विकास को नई दिशा मिल सके।
