• Mon. Oct 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में मिशन शक्ति अभियान के तहत निकली जनजागरूकता रैली, नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन का दिया संदेश

ByTen News One Desk

Oct 12, 2026
2 Views

कन्नौज में मिशन शक्ति अभियान के तहत निकली जनजागरूकता रैली, नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन का दिया संदेश


जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त उपस्थिति में कोतवाली कन्नौज से निकली रैली, दुर्गा पंडाल तक हुआ समापन


टेन न्यूज़ !! १२ अक्तूबर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आज जनजागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार की संयुक्त उपस्थिति में आयोजित इस रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा महिला सशक्तीकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

रैली का शुभारंभ कोतवाली कन्नौज से हुआ। इसके बाद रैली लखन तिराहा होते हुए विनोद दीक्षित चिकित्सालय के सामने नवरात्रि के अवसर पर स्थापित दुर्गा पंडाल तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। पूरे मार्ग में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा तथा लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव प्रत्येक नागरिक के व्यवहार में दिखाई देना चाहिए। महिला सुरक्षा केवल प्रशासन एवं पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने तथा उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं, उनके अधिकारों तथा सहायता के लिए उपलब्ध पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में जागरूकता बढ़ाएं और किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

रैली के समापन पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा पंडाल में विराजमान मां दुर्गा के दर्शन कर माथा टेका तथा जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। जिलाधिकारी ने नवरात्रि के पावन पर्व पर सभी जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी सौहार्द, सामाजिक सद्भाव और महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!