• Sat. May 30th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दून एक्सप्रेस से गिरकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ByTen News One Desk

May 30, 2026
2 Views

दून एक्सप्रेस से गिरकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम


मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। बिलपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह दून एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 6:50 बजे बिलपुर रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान विपिन कुमार सिंह (32) पुत्र दलबिंदर सिंह निवासी ग्राम सैदापुर सोहनी थाना कांट के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों के मुताबिक विपिन रोजगार के सिलसिले में मुरादाबाद गए थे और गुरुवार सुबह ट्रेन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। आरपीएफ के अनुसार दून एक्सप्रेस बिलपुर रेलवे स्टेशन पर धीमी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी पप्पी उर्फ कुसुम और 8 वर्षीय पुत्र आरव का रो-रोकर बुरा हाल है। सीएचसी में परिजनों व ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!