कोतवाली अजीतमल में 91 हजार से अधिक की अवैध शराब नष्ट, 59 मुकदमों का मालखाना हुआ खाली![]()
टेन न्यूज़ ii 30 मई 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। शासन की मंशा के अनुरूप थानों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली अजीतमल में मालखाने में वर्षों से जमा मुकदमाती अवैध शराब का निस्तारण किया गया। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त शराब को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।
पुलिस के अनुसार मालखाने में विभिन्न मामलों में जब्त की गई अवैध एवं नाजायज शराब लंबे समय से रखी हुई थी। न्यायालय की अनुमति के बाद पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी अजीतमल, क्षेत्राधिकारी अजीतमल एवं प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में कुल 59 मुकदमों से संबंधित 220.6 लीटर देशी शराब तथा 15 लीटर कच्ची शराब को नष्ट कराया गया।
पुलिस विभाग ने नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 91 हजार 840 रुपये बताई है। अधिकारियों की निगरानी में शराब को गड्ढे में डालकर नष्ट किया गया, जिससे मालखाने में पर्याप्त स्थान खाली हुआ। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।