जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन

भाषण और नारा लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
टेन न्यूज़ !! ११ अक्टूबर २०२६ !! डीपी सिंह @ शाहजहांपुर
शाहजहांपुर के गांधी फैज़-ए-आम (जीएफ) महाविद्यालय में शनिवार को ‘मेरा युवा भारत’, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट (पड़ोस युवा संसद) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को निखारना और उन्हें विचारों की अभिव्यक्ति के लिए मंच प्रदान करना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहसिन हसन खान के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता और नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपने विचारों, तार्किक क्षमता और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।![]()
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. रईस अहमद और इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. तनवीर हुसैन निर्णायक मंडल में शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की विषय संबंधी जानकारी, अभिव्यक्ति क्षमता और प्रस्तुतीकरण का आकलन किया तथा उनके प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन ‘मेरा युवा भारत’ के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडे ने किया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विचारशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।