पारिवारिक विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

टेन न्यूज़ ii 26 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी,
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के गांव खड़सार में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार खड़सार निवासी राम सिंह (27) पुत्र राम किशन का शव रविवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक विवाहित था और दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। वह कुछ दिनों से गांव आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक, एक दिन पहले ही वह अपनी पत्नी और तीन माह की बेटी को मायके छोड़कर लौटा था। गांव में चर्चा है कि घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवक ने यह कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
