मुख्यमंत्री के प्रस्तावित महोबा दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीजी जोन ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

टेन न्यूज़ !! १९ जून २०२६ !! राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो
महोबा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 21 जून को प्रस्तावित महोबा दौरे को लेकर प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल मोदी ग्राउंड सहित विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीजी जोन ज्योति नारायण ने जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के साथ संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल मोदी ग्राउंड तथा गोरखगिरि पर्वत का स्थलीय निरीक्षण किया।![]()
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, संभावित रूट, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुंदेलखंड के कई जिलों का दौरा प्रस्तावित है। इसी क्रम में महोबा में भी उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे तथा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर सभी बिंदुओं की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।