• Tue. Jul 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अजीतमल में संपूर्ण समाधान दिवस में 230 शिकायतें आयीं, 19 का मौके पर निस्तारण, कुछ अधिकारी ऊंघते और कुछ मोबाइल चलाते दिखे, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ByTen News One Desk

Jul 6, 2026
41 Views

अजीतमल में संपूर्ण समाधान दिवस में 230 शिकायतें आयीं, 19 का मौके पर निस्तारण, कुछ अधिकारी ऊंघते और कुछ मोबाइल चलाते दिखे, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल


टेन न्यूज ii 06 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ, रामजी पोरवाल, औरैया।

जनपद औरैया की अजीतमल तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 230 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित विभागों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपे गए।

समाधान दिवस के दौरान ग्राम वसईपुर केशवपुर, थाना फफूंद निवासी प्रताप सिंह एवं कृपाल सिंह ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गाटा संख्या 69 की भूमि से ईंट भट्ठे के लिए तीन फुट मिट्टी उठाने का 19 जून 2025 को स्टांप एग्रीमेंट किया गया था। आरोप है कि संबंधित पक्ष ने अधिकारियों की मिलीभगत से निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक मिट्टी की खुदाई कर खेत को तालाब जैसा बना दिया तथा तय भुगतान भी नहीं किया। पीड़ितों ने पैसे मांगने पर जान-माल की धमकी देने का भी आरोप लगाया।

वहीं स्वयं सहायता समूह की सदस्य सीमा देवी एवं मीना देवी ने शिकायत करते हुए बताया कि क्लस्टर के अंतर्गत कार्य करने के बावजूद उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।

इसके अतिरिक्त भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की निष्पक्ष एवं स्थलीय जांच कर निर्धारित समय में निस्तारण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच समाधान दिवस के दौरान कुछ अधिकारियों के ऊंघने तथा कुछ के मोबाइल फोन में व्यस्त रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा भी रही। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!