• Wed. Aug 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप

ByTen News One Desk

Aug 26, 2026
3 Views

रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप


डीआरएम से शिकायत, जांच कर मानकों के अनुरूप निर्माण कराने की मांग


टेन न्यूज।। 26 अगस्त 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। जनपद के कंचौसी रेलवे स्टेशन पर करोड़ों रुपये की लागत से प्लेटफार्मों के विस्तार और ऊंचाई बढ़ाने का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य में कथित रूप से घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कस्बे के जागरूक लोगों ने आक्रोश जताया है। मामले को लेकर लोगों ने एक्स के माध्यम से प्रयागराज मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल से शिकायत कर जांच कराने की मांग की है।

बताया गया कि कंचौसी रेलवे स्टेशन के दोनों छोटे प्लेटफार्मों की लंबाई और ऊंचाई बढ़ाकर उन्हें व्यवस्थित किया जा रहा है। इस निर्माण का उद्देश्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वर्तमान में प्लेटफार्म नंबर एक पर स्टेशन के समीप निर्माण कार्य चल रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की ईंट, खराब मोरंग, सीमेंट सहित अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया तो प्लेटफार्म की मजबूती प्रभावित हो सकती है और भविष्य में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, बीते माह पावर हाउस के पास प्लेटफार्म नंबर एक पर भी मानकों के विपरीत निर्माण कराए जाने की शिकायत रेलवे के उच्चाधिकारियों से की गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उस समय अधिकारियों ने निर्माण कार्य बंद करा दिया था। अब स्टेशन के समीप दोबारा निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जागरूक लोगों ने प्रयागराज मंडल के डीआरएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य कराने की मांग की है। साथ ही शिकायतकर्ताओं ने लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!