सुल्तानपुर में नजूल भूमि पर अवैध निर्माण के आरोप, विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल
रामराजी स्कूल के सामने तीन मंजिला इमारत तैयार, आवास विकास के पास भी निर्माण का दावा; जिलाधिकारी आवास के पीछे भी शिकायतें
टेन न्यूज़ !! ०५ नवम्बर २०२६ !! राकेश सिंह ,सुलतानपुर
सुल्तानपुर। शहर में नजूल भूमि पर कथित अवैध निर्माण को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। रामराजी स्कूल के सामने तीन मंजिला इमारत बनकर तैयार होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, आवास विकास के पास भी एक भवन का निर्माण होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी नजूल भूमि पर निर्माण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
शिकायतों के मुताबिक, जिलाधिकारी आवास के पीछे भी नजूल भूमि पर दो मकानों का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि एक मकान की छत पड़ चुकी है, जबकि दूसरे मकान में आधी छत का निर्माण हो चुका है।
इन मामलों को लेकर विनियमित क्षेत्र और राजस्व विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय तक चलने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल है कि इन निर्माणों की जांच अब तक क्यों नहीं कराई गई?
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित स्थलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, नजूल भूमि के अभिलेखों का सत्यापन किया जाए और यदि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे या निर्माण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो।
अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर कब तक जांच और कार्रवाई शुरू करता है।