स्वामी विवेकानंद के नाम पर युवाओं के डिजिटल सशक्तीकरण की पहल : योगी आदित्यनाथ

टैबलेट युवाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का बड़ा माध्यम, इंफोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निःशुल्क सामग्री उपलब्ध
टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़, लखनऊ
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के युवाओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणास्रोत और आदर्श हैं। उन्होंने भारत की छवि को लेकर गलत धारणाएं बनाने वालों को चुनौती दी और देश के युवाओं को गर्व के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रेरणा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने युवाओं के डिजिटल सशक्तीकरण कार्यक्रम को स्वामी विवेकानंद के नाम पर समर्पित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत वितरित किए जा रहे टैबलेट युवाओं के कौशल विकास और सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सरकार ने इंफोसिस के साथ समझौता कर इन टैबलेट में 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निःशुल्क शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई है।
उन्होंने बताया कि इन टैबलेट में योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषयों से संबंधित अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध है। इसके माध्यम से युवा अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार नई तकनीक सीखकर कौशल विकसित कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री की उपलब्धता युवाओं को ज्ञान, तकनीकी दक्षता और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में सहायक होगी।