• Mon. Oct 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

पुलिसकर्मियों से जुड़े भ्रष्टाचार के मुकदमे में एक और आरोपी गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Oct 12, 2026
1 Views

पुलिसकर्मियों से जुड़े भ्रष्टाचार के मुकदमे में एक और आरोपी गिरफ्तार


टेन न्यूज़ !! १२ अक्टूबर २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। परशुरामपुरी थाना पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में प्रकाश में आए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,500 रुपये नकद और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 4 सितंबर को चार पुलिसकर्मियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और रिश्वत की मांग की। आरोप है कि रिश्वत लेने के बाद उसे छोड़ दिया गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 430/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान सामने आए तीन आरोपियों अनमोल, आयुष और सचिन कुमार को 10 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं, मामले में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चार आरक्षियों को 5 अक्टूबर को सेवा से बर्खास्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में सामने आए आरोपी प्रांचल पुत्र कमलेश कुमार सक्सेना, निवासी सुभाष नगर, थाना परशुरामपुरी, उम्र करीब 26 वर्ष, को 12 अक्टूबर को रात 12:45 बजे रामलीला मैदान से सुजावलपुर जाने वाले रास्ते से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वर्तमान मुकदमे के अलावा वर्ष 2025 में मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा, वर्ष 2018 में पॉक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा, वर्ष 2022 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा तथा वर्ष 2021 में अपहरण से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सकतावत सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, हेड कांस्टेबल सत्यप्रकाश, कांस्टेबल प्रवीण कुमार और कांस्टेबल विपिन डागी शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!