• Sat. May 30th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जनपदभर में चला जागरूकता अभियान, हस्ताक्षर व शपथ कार्यक्रम आयोजित

ByTen News One Desk

May 30, 2026
3 Views

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जनपदभर में चला जागरूकता अभियान, हस्ताक्षर व शपथ कार्यक्रम आयोजित


टेन न्यूज़ ii 30 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस (31 मई 2026) के अवसर पर जनपद में तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर एक सप्ताह तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संयुक्त जिला चिकित्सालय कन्नौज एवं 100 शैय्या चिकित्सालय छिबरामऊ में हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों के नेतृत्व में चिकित्सालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों ने हस्ताक्षर कर तम्बाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों को तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश कुमार गुप्ता ने कहा कि तम्बाकू कई गंभीर बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का प्रमुख कारण है। स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए तम्बाकू मुक्त जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं तम्बाकू का सेवन न करें और युवाओं व बच्चों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जनपद में विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज के हर वर्ग तक तम्बाकू निषेध का संदेश पहुंच सके।

वहीं, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा भी विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। शिक्षकों ने वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को तम्बाकू सेवन के दुष्परिणाम, स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव और नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी। छात्रों को स्वयं तम्बाकू से दूर रहने तथा अपने परिवार और समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी, समस्त उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के सलाहकार डॉ. रवि प्रताप सिंह सहित चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

“तम्बाकू छोड़ें, स्वास्थ्य जोड़ें” के संदेश के साथ जनपद में जागरूकता अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!