तिलहर में बाबा साहब की प्रतिमा पर अशोभनीय माला पहनाने वाला आरोपी गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज़ ii 30 मई 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । नगर क्षेत्र में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर अशोभनीय माला पहनाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा के साथ की गई अशोभनीय हरकत से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।