• Sun. Jun 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026: कन्नौज में नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, डीएम-एसपी ने लिया जायजा

ByTen News One Desk

May 31, 2026
13 Views

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026: कन्नौज में नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, डीएम-एसपी ने लिया जायजा


टेन न्यूज ii 31 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, लोकेशन: उत्तर प्रदेश, जनपद कन्नौज

जनपद कन्नौज में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनपद में यह परीक्षा के.के. इंटर कॉलेज, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, पी.एस.एम. पी.जी. कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, सेठ वासुदेव सहाय इंटर कॉलेज तथा सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत कुल छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाए तथा हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम से परीक्षा गतिविधियों की लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय रखने, परीक्षा कक्षों में अनधिकृत प्रवेश रोकने और अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बायोमैट्रिक उपस्थिति, उपस्थिति पत्रकों के सत्यापन, उत्तर पुस्तिकाओं के मिलान, सीलिंग एवं पैकिंग प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और सावधानी के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विवाद की संभावना न रहे।

वहीं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी मुस्तैदी के साथ लागू की गई है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ दायित्व निभाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद कन्नौज में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 सफलतापूर्वक, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!