कन्नौज में चलती बाइक पर गिरा बिजली लाइन का पोल, करंट लगने से महिला समेत मासूम और पति घायल![]()
टेन न्यूज ii 31 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,लोकेशन: कन्नौज, उत्तर प्रदेश
कन्नौज जिले में एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब चलती बाइक पर अचानक बिजली लाइन का पोल गिर पड़ा। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति और उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान पोल में बिजली आपूर्ति जारी होने से महिला को करंट भी लग गया। तीनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला कन्नौज जिले के नादेमऊ से मैनपुरी मार्ग पर मधुपुरी गांव के निकट का है। डाहलेपुर निवासी 30 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र रामलखन अपनी 23 वर्षीय पत्नी ज्योति और छह वर्षीय बेटे सिद्धार्थ के साथ ससुराल कर्सा रामपुर आए हुए थे।
रविवार को तीनों बाइक से मैनपुरी वापस लौट रहे थे। रास्ते में इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के नादेमऊ चौकी के पास एक गांव में स्थित रिश्तेदारी में मिलने के बाद वे आगे के लिए रवाना हुए।
बताया गया कि जैसे ही परिवार मधुपुरी गांव के निकट पहुंचा, बीते दिनों आई आंधी-तूफान के कारण झुका हुआ बिजली का पोल अचानक उनकी बाइक पर गिर पड़ा। हादसे के समय बिजली लाइन में करंट दौड़ रहा था। पोल गिरने से संजीव कुमार और मासूम सिद्धार्थ घायल हो गए, जबकि ज्योति पोल के संपर्क में आने से करंट लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों के परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि ग्रामीणों ने पहले ही संबंधित बिजली केंद्र को पोल झुकने की सूचना दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप यह भी है कि लाइन और पोल को ठीक करने के एवज में कर्मचारियों द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की गई थी।
परिजनों का कहना है कि यदि विभाग ने समय रहते समस्या का समाधान किया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।