चुनावी रंजिश में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले और फायरिंग का आरोप; कई घायल
टेन न्यूज़ ii 16 मार्च 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। कोतवाली तिलहर क्षेत्र के गांव राजनपुर में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पूर्व में चल रहे विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को घेरकर हमला कर दिया, जिसमें लाठी-डंडे चलने के साथ फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
गांव के वर्तमान प्रधान राजबहादुर के समर्थकों का आरोप है कि पूर्व प्रधान पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हुए अचानक लाठी-डंडों से हमला करने लगे और फायरिंग भी की। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने एक पक्ष को घेरकर लाठी-डंडों व शस्त्रों से हमला कर दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
हमले में राजबहादुर घायल हो गए, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए हैं। इसी दौरान सुमित सिर फटने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट में दो महिलाएं, सावित्री और माधुरी, भी घायल बताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






