तीन दिन से लापता युवक का नहर किनारे झाड़ियों में मिला शव
चेहरे पर चोट और गले पर फंदे के निशान, सोशल मीडिया पर फोटो देखकर परिजनों ने की पहचान
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र में नहर रोड किनारे झाड़ियों में सोमवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे पर चोट और गले पर फंदे के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान बहारपुरा रोड, नेविलगंज निवासी अंकित यादव (30) पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई। सोशल मीडिया पर शव मिलने की खबर प्रसारित होने के बाद पिता अनिल यादव और बड़े भाई संजीव कुमार थाने पहुंचे। वहां शव की तस्वीर देखकर उन्होंने अंकित की पहचान की।
परिजनों के मुताबिक, अंकित शुक्रवार 13 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खेत में धान की फसल देखने की बात कहकर घर से निकला था। शाम करीब चार बजे उसकी मां उर्मिला देवी से फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि वह तुरुकपुर के पास खेत देखने आया है। करीब 45 मिनट बाद मां ने दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बताया गया कि सोमवार सुबह पुराना अछल्दा निवासी अनुज तिवारी के खेत पर उनका बटाईदार उपेंद्र कुमार उर्फ छोटू पानी लगाने पहुंचा था। इसी दौरान उसने नहर रोड किनारे झाड़ियों में युवक का शव पड़ा देखा। उसने खेत मालिक को जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 और थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन पाल, प्रदीप कुमार और मेवालाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव के चेहरे पर चोट के निशान तथा गले पर फंदे का निशान मिला। कान और सिर से भी खून निकला हुआ था। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।