• Tue. Nov 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

प्रभारी मंत्री ने मौजमपुर विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

ByTen News One Desk

Nov 17, 2026
5 Views

प्रभारी मंत्री ने मौजमपुर विद्यालय का किया औचक निरीक्षण


बच्चों से पूछे पढ़ाई के सवाल, इको क्लब के 11 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, । जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को विकासखंड ददरौल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मौजमपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे और विद्यालय की शैक्षिक व बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान इको क्लब की गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सबसे पहले विद्यालय की रसोई का जायजा लिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मीनू और सब्जियों की स्थिति की जानकारी ली तथा रसोइयों से बातचीत की। भोजन व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को नियमित रूप से स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद उन्होंने बालक, बालिका और दिव्यांगजन शौचालयों का भी निरीक्षण किया।

मंत्री ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से विज्ञान और हिंदी विषय के प्रश्न पूछे। अर्धवार्षिक परीक्षाओं की जानकारी लेने के साथ बच्चों से उत्तर पुस्तिकाएं भी पढ़वाकर देखीं। उन्होंने विद्यालय में छात्र उपस्थिति बढ़ाने और नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक छात्रा के हाथ में दीपावली पर पटाखे से चोट लगने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज भेजकर उपचार कराने को कहा। वहीं, बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

विद्यालय में संचालित इको क्लब फॉर मिशन लाइफ की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए मंत्री ने विद्यार्थियों से उनके प्रयासों के बारे में पूछा। बच्चों ने बताया कि क्लब के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के लिए गांव में जागरूकता अभियान और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। इसके अलावा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, सड़क सुरक्षा जागरूकता और बेकार सामग्री से उपयोगी वस्तुएं बनाने जैसी गतिविधियां भी की गईं।

इको क्लब की विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले काव्या, अंतिमा, पूनम, रोहिणी, सुधीश, सौरभ, देव, आदित्य, मानवी, जानवी और अनुराग को प्रभारी मंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक करने और क्लब की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नोडल शिक्षिका अर्चना देवी के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापक राम प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी ददरौल विनय मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी मिर्जापुर अरविंद कुशवाहा, एसआरजी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!