• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

आर्य समाज में दयानंद बोध रात्रि पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न

ByTen News One Desk

Feb 17, 2026
36 Views

आर्य समाज में दयानंद बोध रात्रि पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न


टेन न्यूज़ ii 17 फ़रवरी 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर

तिलहर। नगर स्थित आर्य समाज में दयानंद बोध रात्रि पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर आचार्य चंदन मित्र ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वामी दयानन्द सरस्वती ने सती प्रथा, छुआछूत और बाल विवाह जैसी अनेक सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने नारी शिक्षा तथा विधवा विवाह का समर्थन कर समाज में नई चेतना का संचार किया। देश की स्वतंत्रता के लिए क्रांतिकारियों को प्रेरणा देने का श्रेय भी उन्हें ही प्राप्त है। वेदों के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ उन्होंने अपने कालजयी ग्रंथ सत्य प्रकाश की रचना कर समाज पर महान उपकार किया।

पतंजलि योगपीठ के योग प्रचारक आचार्य विवेकानंद ने वेद मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी।

गुरुकुल महाविद्यालय रुद्रपुर के प्रबंधक प्रणव शास्त्री एवं कन्या गुरुकुल के प्रबंधक अनुभव आर्य ने आर्य समाज के कार्यों को और अधिक सक्रिय एवं व्यापक बनाने का आह्वान किया। भजनोपदेशक संत कुमार आर्य और सत्यव्रत आर्य ने भजनों के माध्यम से स्वामी दयानंद के जीवन की प्रेरणादायी घटनाओं का वर्णन करते हुए लोगों से आर्य समाज से जुड़ने की अपील की।

मल्लखंभ के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आनंद कुमार ने अपने साहसिक करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज के प्रचारकों एवं कार्यकर्ताओं को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। अंत में आर्य समाज के प्रधान सत्य प्रकाश आर्य और मंत्री लोकेश आर्य ने सभी आगंतुकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समापन सहभोज के साथ हुआ।

इस अवसर पर गुरुकुल महाविद्यालय रुद्रपुर के ब्रह्मचारी, ओम प्रकाश आर्य, दासीराम, सर्वेश आर्य, रविंद्र आर्य, कटरा आर्य समाज के मंत्री वीरेंद्र आर्य, कैलाश चंद्र, अशोक रस्तोगी, अरुण रस्तोगी, नन्हेंलाल, सर्वेंद्र कुमार, मानसी आर्य, ज्योति आर्य, विमला आर्य सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!