अन्नपूर्णा भवन प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग, भाकियू (टिकैत) ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन![]()
टेन न्यूज ii 15 जुलाई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। जनपद कन्नौज में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और ग्राम पंचायत सोसरी के ग्रामीणों ने सदर तहसील पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विकासखंड उमर्दा क्षेत्र में प्रस्तावित अन्नपूर्णा भवन से जुड़े विवाद की निष्पक्ष जांच कराने और पात्र स्थान पर अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की गई।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अन्नपूर्णा भवन के निर्माण को लेकर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे ग्रामीणों में असंतोष है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द अन्नपूर्णा भवन का निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा समय रहते मामले का निष्पक्ष समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
तहसीलदार सदर ने ज्ञापन प्राप्त कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र, टेन न्यूज़ कन्नौज