जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया विशेष जोर![]()
टेन न्यूज़ !! १५ जुलाई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने एफएफ डीसी स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12) का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में बन रहे मिड-डे मील कक्ष, स्टाफ रूम, प्रधानाचार्य कक्ष तथा बाउंड्रीवाल सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण किया और निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण किया
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को शीघ्र आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माणाधीन विद्यालय का एक आकर्षक एवं स्पष्ट सांकेतिक सूचना बोर्ड मुख्य मार्ग जी.टी. रोड पर स्थापित कराया जाए, जिससे आमजन को विद्यालय की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके। इस मौके पर जानकारी दी गई कि विद्यालय का निर्माण कार्य जनवरी 2026 में प्रारंभ हुआ था तथा इसके जुलाई 2027 तक पूर्ण होने का लक्ष्य निर्धारित है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्य की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे