चार करोड़ की लागत से औरैया में बनेगा जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड कार्यालय
टेन न्यूज़ ii 10 अप्रैल 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया: जनपद के ग्राम सेहुद में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार होमगार्ड विभाग में ऐतिहासिक सुधार कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिला कमाण्डेन्ट कार्यालय और प्रत्येक मंडल में मंडलीय कार्यालय बनाए जाने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, पहली बार 44 हजार होमगार्डों की पारदर्शी भर्ती भी जल्द शुरू होगी।
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में होमगार्ड जवानों को 948 रुपये प्रतिदिन पारिश्रमिक दिया जा रहा है, जिसमें महंगाई दर भी शामिल है। प्रशिक्षण भत्ते को ड्यूटी भत्ते के बराबर कर दिया गया है और वर्दी भत्ता भी प्रदान किया जा रहा है। जवानों को 90 दिवसीय आधारभूत, 21 दिवसीय रिफ्रेशर और 30 दिवसीय उन्नत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को 5 लाख रुपये की सहायता और पात्र सदस्य को नौकरी दी जाती है। साथ ही बैंक समन्वय से दुर्घटना बीमा के तहत 30 से 40 लाख रुपये तक की सहायता सुनिश्चित की गई है।
सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि यह परियोजना जनपद के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि अब तक यह कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित हो रहा था, लेकिन नए भवन के निर्माण से सुविधाएं बेहतर होंगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि होमगार्ड स्थानीय होने के कारण सूचनाएं जुटाने में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान शिलापट्ट का अनावरण किया गया और पर्यावरण संरक्षण के तहत पीपल के पौधों का रोपण भी किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जनपदों के होमगार्ड अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
