• Fri. Jun 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

ByTen News One Desk

Jun 19, 2026
6 Views

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश


टेन न्यूज ii 19 जून 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। कन्नौज जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने की।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले माह सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई है, लेकिन मृतकों की संख्या में वृद्धि चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक रणनीति तैयार करने और जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से किसानों द्वारा सड़कों पर मक्का सुखाने की समस्या उठाते हुए कहा कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोष्ठियों और जागरूकता अभियानों के माध्यम से किसानों को सड़क पर फसल न सुखाने के लिए प्रेरित किया जाए।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध ढाबे, अनियंत्रित पार्किंग और अतिक्रमण सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बने हुए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स एवं निगरानी समिति के गठन पर जोर दिया।

डीएम ने सड़क सुरक्षा को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने के लिए ऑटोमैटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) आधारित रियल टाइम मॉनिटरिंग, ई-चालान व्यवस्था तथा जीपीएस आधारित साक्ष्य प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ब्लैक स्पॉट्स की पहचान, हाई-मास्ट लाइटों की स्थापना, स्पीड इंफोर्समेंट कैमरों की व्यवस्था, हाईवे पेट्रोलिंग, एम्बुलेंस और क्रेन की तैनाती को भी आवश्यक बताया।

तिर्वा-बेला मार्ग पर सड़क डिवाइडरों के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने प्रशासन को अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाने के लिए कहा। साथ ही टोल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित कर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि आगरा एक्सप्रेसवे पर प्रति किलोमीटर कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुश्री इज्ज्या तिवारी ने बताया कि विगत माह 17 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। साथ ही 15 अन्य वाहन स्वामियों एवं चालकों को लाइसेंस निरस्तीकरण संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!