दिव्यांग लाभार्थियों का शत-प्रतिशत वोटर सत्यापन कराएं: जिलाधिकारी

महिला मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर, 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक होंगे सम्मानित
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी 17,828 दिव्यांग लाभार्थियों का शत-प्रतिशत वोटर सत्यापन कराया जाए। साथ ही लाभार्थियों की संख्या के सापेक्ष मतदाता सूची में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या कम होने के कारणों की जांच की जाए, ताकि कोई भी पात्र दिव्यांगजन मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक के दौरान निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में महिला कार्मिक सक्रिय भूमिका निभाएं। अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी युवतियों और मतदाता सूची से छूटी महिलाओं के नाम दर्ज कराने के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने और सर्वाधिक नए मतदाता बनवाने वाले कार्मिकों को 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालयों में छात्र उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश![]()
बैठक में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रेरणा पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जनपद के कुल 1,459 विद्यालयों के सापेक्ष 381 विद्यालयों का डेटा प्राप्त हुआ है। इनमें 1,16,150 नामांकित विद्यार्थियों में से 27,121 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए, जो 23.35 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने उपस्थिति में सुधार करने और पोर्टल पर नियमित एवं सही आंकड़े दर्ज करने को कहा।
निपुण भारत मिशन के आकलन की समीक्षा
निपुण भारत मिशन के सत्र 2026-27 की समीक्षा में बताया गया कि प्रथम चरण का आकलन 21 नवंबर से 30 दिसंबर 2026 तक और द्वितीय चरण का आकलन 20 से 30 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। जनपद के 1,200 विद्यालयों में कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का नमूना आधारित आकलन होगा। प्रत्येक कक्षा में 80 प्रतिशत बच्चों के निपुण होने पर संबंधित विद्यालय को निपुण घोषित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आकलन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समय में पूरी कराने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों और विद्यालयों की सुरक्षा पर जोर
विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय, मधपुर, विकासखंड कन्नौज में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। बैठक में बताया गया कि विद्यालय में मुख्य भवन, एमडीएम शेड, शौचालय, गार्डन और हैंडवॉश यूनिट सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कंप्यूटर लैब निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को अधूरे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, विद्यालय परिसरों से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की समीक्षा में सामने आया कि जनपद के 1,439 परिषदीय विद्यालयों में से 25 विद्यालयों के परिसर से अभी भी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।