• Sat. Nov 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों में लापरवाही न हो, समय से पूरी करें सभी व्यवस्थाएं : डीएम

ByTen News One Desk

Nov 21, 2026
7 Views

कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों में लापरवाही न हो, समय से पूरी करें सभी व्यवस्थाएं : डीएम


मेहंदीघाट, जलेसर और चियासर घाट पर होगा आयोजन; मेहंदीघाट पर 12 मोटर बोट, 20 गोताखोर और फ्लड पीएसी की रहेगी तैनाती


टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,

कन्नौज। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जनपद के तीन प्रमुख घाटों पर आयोजित होने वाले मेले को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, प्रकाश, चिकित्सा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि मेले का आयोजन मेहंदीघाट, जलेसर और चियासर घाट पर किया जाएगा। मेहंदीघाट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत 12 मोटर बोट, 20 गोताखोर और एक प्लाटून फ्लड पीएसी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही घाटों पर वॉच टावर, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम, साफ-सफाई और पर्याप्त सुरक्षा जाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा जाल इस तरह लगाए जाएं कि श्रद्धालुओं को स्पष्ट दिखाई दें और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके। नावों और गोताखोरों को पहले से चिह्नित कर उनकी तैनाती सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गोताखोरों और नाविकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

डीएम ने हरदोई तिराहे से मेहंदीघाट तक मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मेले में उत्सव जैसा माहौल दिखना चाहिए और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण के साथ बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।

चिकित्सा विभाग को अच्छी स्थिति की एम्बुलेंस और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। सफाई व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाने को कहा गया। इसके अलावा आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की भी आवश्यकतानुसार तैनाती की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए, ताकि कार्तिक पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन के साथ बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रतन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चन्द्रा, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!