स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य समय से पूरे करें अधिकारी : डीएम

टीबी मरीजों को किट वितरण एक सप्ताह में 90 प्रतिशत से अधिक करने के निर्देश, 22 नवंबर से चलेगा पोलियो अभियान
टेन न्यूज़ !! २१ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति, जनस्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और आगामी अभियानों की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्धारित लक्ष्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
टीबी मरीजों को किट वितरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर आगामी एक सप्ताह में वितरण का प्रतिशत 80 से बढ़ाकर 90 से अधिक करने के निर्देश दिए। वहीं, जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान तत्काल पूरा कर पात्र लाभार्थियों को समय से धनराशि उपलब्ध कराने को कहा।![]()
राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जलालाबाद विकासखंड में 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक चल रहे सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराने और संक्रमण, बचाव तथा दवा के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। अभियान के लिए 112 टीमें और 22 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित आयु एवं स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन दवाएं दी जाएंगी। गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों और एक वर्ष से कम आयु के बच्चों को दवा नहीं दी जाएगी। साथ ही दवा सेवन से पहले लाभार्थियों को खाली पेट नहीं रखने के निर्देश दिए गए।
पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने 22 नवंबर से इसे व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ब्लॉकों में अभियान का शुभारंभ कराने और प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करने को कहा। स्पष्ट किया कि अभियान में एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए।![]()
जिलाधिकारी ने 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह तत्पर एवं क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में संचालित 108 की 24 और 102 की 23 एम्बुलेंस में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर 23 और 24 नवंबर को मेहंदी घाट पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।