नदी में मिले 13 वर्षीय किशोर के शव पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

एसपी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग, साथियों से पूछताछ कराने की अपील
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! माया तिवारी ब्यूरो ,
बांदा। शहर के नोनिया मोहाल कटरा निवासी 13 वर्षीय किशोर अनुज की नदी में डूबने से हुई मौत के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना से जुड़े पहलुओं की पड़ताल करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र देने वाले प्रदीप चौहान के अनुसार, अनुज पुत्र स्वर्गीय राकेश चौहान को 2 नवंबर 2026 की रात करीब 8:15 बजे तक अशोक लाट के पास देखा गया था। रात करीब 10 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद 3 नवंबर को पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। 4 नवंबर को नदी में शव मिलने की जानकारी मिली, जिसकी पहचान अनुज के रूप में हुई।
प्रदीप चौहान का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है, लेकिन घटना से जुड़े कुछ पहलुओं को लेकर परिजनों को संदेह है। उनका दावा है कि अनुज कभी नदी की ओर नहीं जाता था और जिस स्थान पर उसका शव मिला, वह सुनसान इलाका है।
परिजनों ने शव पर चोट और जलने जैसे निशान होने, पेट की स्थिति तथा दूसरे कपड़े पहने होने सहित कई बिंदुओं का उल्लेख करते हुए आशंका जताई है कि किशोर के साथ मारपीट के बाद उसे नदी में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, इन आशंकाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अनुज के साथियों से पूछताछ कर घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
माया तिवारी, ब्यूरो चीफ बांदा।