कन्नौज पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी

हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित लेन में वाहन चलाने के प्रति किया जागरूक
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कन्नौज पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण और प्रभारी यातायात रविशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक प्रदीप तिवारी के सहयोग से टीएसआई आफाक खान ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यातायात नियम प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़े हैं। इनका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
टीएसआई ने विद्यार्थियों को सिक्स लेन और फोर लेन मार्गों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न मार्गों पर वाहनों को निर्धारित लेन में चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि से बचा जा सकता है।![]()
कार्यक्रम के दौरान टीएसआई आफाक खान ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों से संबंधित सवाल भी पूछे। सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह और गंभीरता के साथ जानकारी प्राप्त की।